कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: अंबेडकर जयंती पर प्रशासन सख्त बिना अनुमति रैली पर रोक और वीडियोग्राफी अनिवार्य

एसडीएम शिखा शंखवार की अध्यक्षता में डेरापुर थाने में हुई बैठक।

डेरापुर थाना परिसर में सोमवार को आयोजित पीस कमेटी की बैठक में प्रशासन ने अंबेडकर जयंती को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम शिखा शंखवार ने की, जिसमें क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न चौकी प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में प्रशासन ने दो टूक कहा कि इस बार अंबेडकर जयंती पर कोई भी नया कार्यक्रम स्थल तय नहीं किया जाएगा। केवल वही स्थान मान्य होंगे, जहां पूर्व वर्षों में आयोजन होते आए हैं। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का कार्यक्रम या रैली निकालने पर पूरी तरह रोक रहेगी। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। रैली निकालने की स्थिति में वीडियो ग्राफी अनिवार्य कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहे। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।प्रशासन ने चेतावनी दी कि अराजकता फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर नजर रखी जाएगी।

बैठक में मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम सिंह प्रजापति, सोबरन सिंह यादव, रमेश मराल, हरिशंकर संखवार, एडवोकेट पुत्तन संखवार, अनिल कुमार सहित अन्य लोगों से प्रशासन ने सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर इस पर्व को शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: पुखरायां में दो ट्रेलर आपस में भिड़े,चालक और खलासी घायल

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button