कानपुर देहात में कार पर पलटा ट्रक,एक की मौत दो घायल
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर फौजी ढाबा के पास हुआ हादसा, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पातेपुर लालपुर स्थित फौजी ढाबा के पास रविवार को एक कार पर ट्रक पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई।हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतक की पहचान जाजमऊ कानपुर नगर निवासी शान मोहम्मद के रूप में हुई है।घायलों की पहचान अरमान और कल्लू के रूप में की गई है।तीनों भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर स्थित एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे।
जैसे ही वैगनआर कार लालपुर चौकी के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहा एक तेज रप्तार अनियंत्रित ट्रक उस पर पलट गया।ट्रक पलटने से शान मोहम्मद कार में दब गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।जबकि कार चला रहे अरमान और कल्लू को मामूली चोटें आईं हैं।घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को जिला अस्पताल भेजा।जहां पर शान मोहम्मद को डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



