कानपुर देहात: कुदरत के बाद अब ‘लापरवाही’ का कहर, बिवाइन में नाले के पानी ने डूबाई किसानों की सालभर की मेहनत!
बुधवार को डीएम की चौखट पर न्याय मांगेंगे बेबस किसान।

रनियां कानपुर देहात। कुदरत की मार झेल रहे किसानों पर अब प्रशासनिक लापरवाही भी भारी पड़ रही है। अकबरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिवाइन में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नालियों का गंदा पानी गेहूं के खेतों में भर गया, जिससे पकी खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
बताया गया कि बीते दिनों हुई बेमौसम बारिश से फसल को पहले ही काफी नुकसान पहुंचा था। किसानों को उम्मीद थी कि बची हुई फसल से सालभर का गुजारा हो जाएगा, लेकिन जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। नियमित नालियों की सफाई न होने के कारण गांव का नाला चोक हो गया और गंदा पानी खेतों में जा घुसा। देखते ही देखते गेहूं की फसल जलमग्न होकर नष्ट हो गई।
किसान वीरेंद्र कुमार, श्यामा देवी, चतुरी राठौर का आरोप है कि ग्राम प्रधान और सचिव की लापरवाही के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई कराई जाती, तो फसल को नुकसान नहीं होता। वहीं, जिम्मेदारों का दावा है कि सफाई कार्य समय-समय पर कराया जाता है, लेकिन खेतों की मौजूदा स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। खेतों में भरे पानी को देखकर किसान मायूस हैं।
उनका कहना है कि खेती में लगी लागत पूरी तरह डूब गई है और अब परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार को डीएम कपिल सिंह से एक पत्र के माध्यम से समस्या से अवगत कराएंगे। इस संबंध में सचिव वीरेंद्र नायक ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। ग्राम प्रधान के द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। बुधवार को मौके पर जाकर समस्या को हल कराया जाएगा।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: रसूलाबाद में किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या,परिजनों में मचा कोहराम



