जालौनउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

शादी के एक साल बाद ही मातम! खेत जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से मौत

गोरा पुल के पास युवा किसान धर्मेन्द्र अज्ञात वाहन की चपेट में, पत्नी घायल

कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर–मदारीपुर मार्ग पर गोरा पुल के पास आज की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके कारण एक युवा किसान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, महेवा विकासखंड के रहने वाले धर्मेन्द्र सिंह (40 वर्ष) पुत्र जगराम सिंह सुबह अपनी पत्नी संध्या के साथ ट्रैक्टर से खेत में जुताई करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे जोल्हूपुर–मदारीपुर रोड स्थित गोरा पुल के समीप पहुँचे, तभी सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने अचानक कट मार दिया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और धर्मेन्द्र सिंह उसके नीचे दब गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

दुर्घटना होते ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों पति-पत्नी को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान धर्मेन्द्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी संध्या को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर लगते ही मृतक के गाँव में मातम पसर गया। बताया गया है कि धर्मेन्द्र सिंह की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व ही हुई थी और अभी उनकी कोई संतान नहीं है।

ग्रामीणों ने की स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग

पुलिस ने धर्मेन्द्र सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। उधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गोरा पुल के पास का यह क्षेत्र दुर्घटना बाहुल्य है, इसलिए यहाँ स्पीड ब्रेकर व चेतावनी संकेत लगाए जाएँ ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाएँ न हों।

Related Articles

AD
Back to top button