कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: तुलसी-सालिगराम विवाह के सफल संचालन के बाद व्यापार मंडल की ओर से किया गया आभार प्रदर्शन

विवाह महोत्सव के माध्यम से समाज की एकता हुई परिलक्षित: पुजारी आशीष शुक्ला

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: कानपुर देहात के नगर पंचायत रूरा में इस वर्ष तुलसी-सालिगराम विवाह महोत्सव बड़ी धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह महोत्सव लगातार चार दिनों तक आयोजित किया गया, जिसमें नगर वासियों ने अपनी श्रद्धा, आस्था और विश्वास का भव्य प्रदर्शन किया। इस आयोजन से नगर के सभी लोगों को सपरिवार एक साथ एकत्रित होकर प्राचीन एवं आस्था के प्रतीक पाथामाई मंदिर परिसर में माता रानी के कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

महोत्सव की सफलता से उत्साहित होकर, उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर में एक धन्यवाद बैठक आयोजित की। इस बैठक में उपस्थित आचार्यों ने सभी सहयोगियों और नगर वासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यह महोत्सव लगातार कई वर्षों से मंदिर के पुजारी श्याम शुक्ला द्वारा अनवरत और निश्छल भाव से मनाया जा रहा है। नगर महामंत्री कपिल मिश्रा के विशेष प्रयासों से व्यापार मंडल परिवार को भी इस कार्यक्रम में सेवादार बनने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस भव्य आयोजन को दिन-रात की मेहनत से तराशकर भव्य रूप देने वाली युवा टीम का विशेष योगदान रहा। युवा टीम में अनमोल, दीप, निशांत मिश्र, अभय, अमन, छोटू, घनश्याम, सोम, गोलू, सचिन, रामऔतार, राम, अर्पित आदि शामिल थे।

इस अवसर पर नगर के सम्मानित विशिष्ट जनों, सम्मानित महिलाओं, बच्चों, व्यापारी बंधुओं और कार्यक्रम को लगातार कवरेज देने वाले पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।

इस बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष राम जी गुप्ता, व्यापार मंडल का मार्गदर्शन करने वाले संरक्षक अवधेश शुक्ला, नगर अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा, उपाध्यक्ष दुर्गेश दीक्षित, प्रकाश वर्मा, जगदीप गुप्ता, अनूप ओमर, अविनाश ओमर, रामू गुप्ता, सुशील त्रिवेदी, आनंद गुप्ता, हरनाम यादव, सर्वेश वर्मा, गोपाल गुप्ता, अकबरपुर राजू सिंह, डेरापूर उपखंड अधिकारी एवं अवर अभियन्ता विद्युत, रूरा थानाध्यक्ष और टाउन इंचार्ज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

AD
Back to top button