कानपुर : अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रशासन का बड़ा हंटर, 11 वाहन सीज, 7 लाख का भारी जुर्माना
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर संयुक्त टीम ने 160 वाहनों की करी सघन जांच।

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों एवं शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को निदेशालय की टीम, खान अधिकारी कानपुर नगर तथा संबंधित थानों की पुलिस के संयुक्त दल द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उपखनिज बालू, मोरम एवं गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच की गई।
अभियान के दौरान लगभग 160 वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान 11 वाहन ओवरलोड अथवा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित पाए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालान एवं सीज़ की कार्रवाई की गई और 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्देशित किया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी अभियान जारी रखा जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
ये भी पढे- कानपुर देहात में पॉस्को मामले में फरार तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे,पुलिस कार्यवाही में जुटी



