कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात न्यायालय में 24 और 25 अप्रैल को रहेगा अवकाश, स्पोर्ट्स मीट के चलते जनपद न्यायाधीश ने जारी किया आदेश

न्यायिक कार्य के बदले मई और जून के चौथे शनिवार को खुले रहेंगे कोर्ट, जिला न्यायालय सहित भोगनीपुर और घाटमपुर कोर्ट के लिए भी निर्देश जारी

कानपुर देहात। जनपद न्यायालय कानपुर देहात के न्यायाधीश और कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार, आगामी 24 अप्रैल (शुक्रवार) और 25 अप्रैल (शनिवार) को ‘ज्यूडिशियल ऑफिसर्स स्पोर्ट्स मीट’ (Judicial Officers, Sports Meet) के आयोजन के चलते जनपद न्यायालय में अवकाश घोषित किया गया है।

स्पोर्ट्स मीट के कारण बंद रहेंगे दफ्तर:

माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय के पत्र के अनुपालन में 24 और 25 अप्रैल को जनपद न्यायालय कानपुर देहात के समस्त न्यायालय और कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे। यह अवकाश विशेष रूप से न्यायिक अधिकारियों की खेलकूद प्रतियोगिता के मद्देनजर दिया गया है।

बदले में दो शनिवार को करना होगा काम:

इस अवकाश की भरपाई के लिए आगामी महीनों के दो चतुर्थ शनिवारों को कार्य दिवस घोषित किया गया है। आदेश के मुताबिक, 23 मई 2026 और 27 जून 2026 (जो कि आमतौर पर महीने के चौथे शनिवार के कारण अवकाश होते हैं) को जनपद न्यायालय के समस्त न्यायालय न्यायिक कार्यों के लिए यथावत खुले रहेंगे।

बाहरी न्यायालयों को भी निर्देश:

जनपद न्यायाधीश का यह आदेश जिला मुख्यालय के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों में स्थित न्यायालय भोगनीपुर, घाटमपुर और ग्राम न्यायालय बिल्हौर के लिए भी प्रभावी होगा। इन सभी केंद्रों को सूचना और अनुपालन के लिए आदेश की प्रति भेज दी गई है। अब 24 और 25 अप्रैल को कोर्ट से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले वादकारियों को अगली नियत तिथियों का इंतजार करना होगा।


Related Articles

AD
Back to top button