कानपुर देहात न्यूज: उपनिरीक्षक देवनारायण द्विवेदी बने निरीक्षक, एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कंधों पर सितारे सजाकर बढ़ाया उत्साह
जनपद कानपुर देहात में पुलिस विभाग के भीतर हर्ष का माहौल है।

अकबरपुर, कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात में पुलिस विभाग के भीतर हर्ष का माहौल है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पदोन्नत हुए पुलिस अधिकारी का उत्साहवर्धन किया। ज्येष्ठता और उत्कृष्ट कार्य सेवा के आधार पर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस देवनारायण द्विवेदी को निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के अनुमोदन के पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात देवनारायण द्विवेदी को उनके वर्तमान नियुक्ति स्थान पर ही निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर प्रोन्नत किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से देवनारायण द्विवेदी की वर्दी पर निरीक्षक पद के नए सितारे लगाए। अधिकारियों ने उन्हें इस नई उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।
पदोन्नति के साथ ही पुलिस अधीक्षक ने नवनियुक्त निरीक्षक को उनके नए और बढ़े हुए दायित्वों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति केवल रैंक का बढ़ना नहीं है बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का और अधिक मजबूत होना है। एसपी ने निरीक्षक देवनारायण द्विवेदी को पूरी लगन और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। इस दौरान पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे जिन्होंने पदोन्नत हुए साथी को शुभकामनाएं दीं।



