कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक ने ली शुक्रवार परेड की सलामी, रिक्रूट आरक्षियों को दिए अनुशासन के निर्देश
जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिस बल के अनुशासन को परखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में विशेष परेड का आयोजन किया गया।
कानपुर देहात: जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिस बल के अनुशासन को परखने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में विशेष परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने परेड की सलामी ली और टोलीवार निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी जांची।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग की गुणवत्ता पर ध्यान दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरक्षियों के प्रशिक्षण में अनुशासन, समयबद्धता और व्यवहारिक ज्ञान का विशेष ध्यान रखा जाए। परेड में एकरूपता बनाए रखने के लिए उन्होंने पुलिसकर्मियों से ड्रिल भी करवाई।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष का रुख किया। वहां उन्होंने सभी गार्द रजिस्टरों की गहनता से जांच की और गार्द कमांडरों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।



