कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने मिशन शक्ति केंद्र का किया निरीक्षण, महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा आज मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत थाना रनियां परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया।
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा आज मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत थाना रनियां परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली को गहराई से परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया और थाने द्वारा इस मिशन के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक रनियां और मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला आरक्षी कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग किया।
महोदया ने निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित आने वाली सभी शिकायतों पर त्वरित और पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि शिकायत लेकर आने वाली प्रत्येक महिला से विनम्रता पूर्वक व्यवहार किया जाए और उनकी बात को धैर्यपूर्वक सुनकर उचित कानूनी कार्रवाई शीघ्रता से पूरी की जाए।
यह निरीक्षण मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों और व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी करना है। पुलिस अधीक्षक की इस सक्रियता से महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट झलकती है।




