शिवली पुलिस का बड़ा एक्शन: अंगोछा डालकर जान लेने की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार
जमीन की बटाई और मालिकाना हक को लेकर चल रहा था पुराना कानूनी विवाद।

कानपुर देहात की शिवली थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर उसके घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरिशंकर निवासी ग्राम इन्द्रनगर के रूप में हुई है, जिसे विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जमीन विवाद और कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ा तनाव
घटनाक्रम के अनुसार, शिवली के ग्राम मांडा मैथा निवासी ओम तिवारी ने इन्द्रनगर स्थित एक कृषि भूमि को बटाई पर लिया था। इस भूमि पर आरोपी हरिशंकर अपना मालिकाना हक जताता था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। 17 अप्रैल 2026 को न्यायालय द्वारा हरिशंकर की सिविल अपील निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद 27 अप्रैल को जब बटाईदार ओम तिवारी खेत की साफ-सफाई कर रहा था, तभी आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके गले में अंगोछा डालकर जान से मारने का प्रयास किया और मारपीट की।
पुलिस की प्रभावी कार्यवाही और धारा में बढ़ोतरी
पीड़ित ओम तिवारी की तहरीर पर शिवली थाने में 28 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस (हत्या का प्रयास) की बढ़ोतरी की थी। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को आरोपी को बैरी सवाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मजदूरों के हक में उतरे कमिश्नर और डीआईजी फैक्ट्री मालिकों की बढ़ी मुश्किलें



