कानपुर देहात-बिखरे परिवारों को मिला नया जीवन: ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के प्रयास से 4 दंपतियों में हुआ समझौता
मिशन शक्ति 5.0 के तहत रिजर्व पुलिस लाइन्स में काउंसलिंग कर पति-पत्नी को खुशी-खुशी साथ रहने के लिए किया गया राजी

कानपुर देहात की रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार कक्ष में रविवार को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान ‘मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)’ के अंतर्गत ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की शुरुआत की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों को सुलझाकर बिखरे हुए परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधना है।
प्रोजेक्ट नई किरण के इस विशेष सत्र में कुल 35 मामले सामने आए। वहां मौजूद काउंसलिंग टीम और नई किरण के सदस्यों ने सभी पक्षों की बातों को बेहद ध्यान से सुना और उनके बीच उपजे आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास किया। सदस्यों की समझाइश और सफल काउंसलिंग के बाद 4 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर समझौता हो गया। इसके बाद चारों दंपती पुराने विवादों को भुलाकर खुशी-खुशी एक-दूसरे के साथ रहने के लिए तैयार हो गए। शेष बचे हुए प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई के लिए आगे की तिथि तय की गई है।
पारिवारिक खुशियां लौटाने वाले इस पुनीत कार्य में महिला सहायता प्रकोष्ठ की थाना प्रभारी ललिता मेहता, महिला हेड कांस्टेबल 54 जयमाला, महिला कांस्टेबल 1284 कुमारी रीनू, महिला कांस्टेबल 1259 रंजना सोनकर, महिला कांस्टेबल 1149 शालू देवी और महिला कांस्टेबल 1195 पिंकी देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य कंचन मिश्रा और डॉ. पूनम गुप्ता ने भी काउंसलिंग में अपना विशेष योगदान दिया।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मंगलपुर में प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,घर में चारपाई पर मिला शव



