कानपुर देहात: बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की बल्ले बल्ले
एसबीआई में सैलरी अकाउंट खोल शिक्षक होंगे मालामाल

राजेश कटियार,कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुए समझौते को लागू करने के लिए सभी जिलाधिकारियों, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों (बेसिक) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने योजना को प्रभावी ढंग से लागू कराने को कहा है। यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षकों के लिए कैशलेस योजना की शुरुआत और बेसिक शिक्षा विभाग व एसबीआई के बीच हुए तीन एमओयू के बाद लिया गया है।
योजना के तहत 10 हजार रुपये या उससे अधिक मासिक वेतन पाने वाले स्थायी शिक्षक और कर्मचारी, 10 हजार रुपये या उससे अधिक मानदेय पाने वाले विभागीय संविदा कर्मी, जैसे शिक्षामित्र और अंशकालिक अनुदेशक तथा सेवा प्रदाता के माध्यम से नियुक्त कर्मचारी शामिल होंगे वहीं 10 हजार रुपये से कम मानदेय पाने वाले संविदा कर्मियों को भी योजना का लाभ मिलेगा लेकिन इसके लिए उन्हें एसबीआई में जीरो बैलेंस खाता खोलना होगा।
खाते के साथ मिलेगा बीमा और सामाजिक सुरक्षा
जीरो बैलेंस खाता खोलने वाले कर्मचारियों को एटीएम आधारित 2 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। वहीं अन्य पात्र कर्मचारियों को स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज और कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और बीमा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिन स्थायी कर्मचारियों का पहले से एसबीआई में खाता है उन्हें उसे एसजीएसपी में बदलना होगा जबकि अन्य बैंकों के खाताधारकों को एसबीआई में नया वेतन खाता खोलना होगा। संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के खाते भी कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के तहत खोले या परिवर्तित किए जाएंगे।
जिला स्तर पर एसबीआई की शाखाएं स्कूलों में शिविर लगाकर यह प्रक्रिया पूरी करेंगी। कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुआ यह समझौता शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।
ये भी पढे- कानपुर देहात- शिक्षा की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत नामांकन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: जिलाधिकारी



