लखनऊउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

यूपी में गर्मी का ‘रौद्र रूप’, बांदा में पारा 47.4 डिग्री पहुंचा, आसमान से बरस रही आग

बुंदेलखंड और मध्य यूपी में भीषण लू का अलर्ट, कानपुर और आसपास के जिलों में रिकॉर्ड तोड़ तापमान

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और पूरा प्रदेश इस समय भीषण लू (हीटवेव) की चपेट में है। मौसम विभाग (IMD) और राज्य वेदर स्टेशनों द्वारा जारी पिछले 24 घंटों की रिपोर्ट के मुताबिक, बुंदेलखंड का बांदा जिला 47.4°C अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। आसमान से बरसती आग और गर्म थपेड़ों के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है और लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है।

45 डिग्री के पार पहुंचे कई जिले, कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में हाहाकार

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, केवल बांदा ही नहीं बल्कि कई अन्य जिलों में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। जालौन में अधिकतम तापमान 45.8°C, चित्रकूट में 45.75°C, झांसी में 45.5°C और महोबा में 45.44°C दर्ज किया गया। इसके अलावा, प्रयागराज में 45.4°C और आगरा में तापमान 45.3°C रहा।

मध्य यूपी के कानपुर नगर में भी गर्मी ने कड़े तेवर दिखाए, जहां पारा 44.6°C तक जा पहुंचा। वहीं, कानपुर देहात में 43.73°C, फतेहपुर में 43.6°C और औरैया में 43.34°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों जैसे गोरखपुर (38°C) और कुशीनगर (35.87°C) में तापमान अपेक्षाकृत काफी कम दर्ज किया गया है।

दोपहर में निकलने से बचें, मौसम विभाग ने जारी की एडवायजरी

लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। तेज धूप और लू के कारण डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपने साथ पानी की बोतल, छाता या सिर ढकने के लिए कपड़ा जरूर रखें और ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करते रहें।


ये भी पढे- यूपी में मौसम का यू-टर्न: कहीं 100 किमी की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश, तो कहीं लू का अलर्ट


Related Articles

AD
Back to top button