कानपुर देहात: भ्रष्ट आचरण और अभद्रता पर बड़ी कार्यवाही, दो चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की संबद्धता तत्काल समाप्त
दोनों को उनके मूल विद्यालयों के लिए कार्यमुक्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। विकासखण्ड सन्दलपुर में भ्रष्टाचार और शिक्षकों से अभद्रता के गंभीर मामले को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। बीआरसी सन्दलपुर में संबद्ध दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों आयुष चौधरी एवं रोहित पाल की संबद्धता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
दोनों को उनके मूल विद्यालयों के लिए कार्यमुक्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। जानकारी के अनुसार विकासखण्ड सन्दलपुर में तैनात शिक्षकों ने 13 जुलाई 2026 को साक्ष्यों के साथ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें दोनों कर्मचारियों पर बीआरसी सन्दलपुर में रहते हुए भ्रष्टाचार, अवैध धन उगाही और शिक्षकों के साथ अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
कलेक्ट्रेट कानपुर देहात से प्राप्त संदर्भ पत्र संख्या 3372 दिनांक 25 जुलाई के आधार पर इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने खण्ड शिक्षा अधिकारी सन्दलपुर आनंद भूषण को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आयुष चौधरी और रोहित पाल को तत्काल प्रभाव से बीआरसी से हटाकर उनके मूल विद्यालयों में तत्काल भेजने का निर्देश दिया है।
इस कार्यवाही की अनुपालन आख्या जियो-टैग फोटो सहित कार्यालय में प्रस्तुत करने को भी कहा गया है। पत्र में साफतौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण और रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो इस मामले में खण्ड शिक्षा अधिकारी की संलिप्तता मानते हुए उच्चाधिकारियों को उनके विरुद्ध कार्यवाही के लिए अवगत करा दिया जाएगा। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण गंभीर है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



