कानपुर देहात: मंटोरा ओवरब्रिज के पास दो बाइकों की टक्कर में दो गंभीर घायल
पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की

कानपुर देहात के रनियाँ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंटोरा ओवरब्रिज के पास हुआ, जहाँ दो बाइकों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि एक बाइक पर सवार दो लोग सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
रनियाँ थाना क्षेत्र के चिराना गाँव के निवासी शिवम (29) और कीर्ति (13) एक बाइक से चिराना की ओर जा रहे थे। उसी दौरान, विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में शिवम और कीर्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही दूसरी बाइक का सवार मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रनियाँ थाना में तैनात हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने बिना देर किए राष्ट्रीय राजमार्ग (हाइवे) की एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर, रनियाँ ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।



