उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: मतदाता सूची शुद्धिकरण पर मंत्री प्रतिभा शुक्ला सख्त, रनिया मंडल में SIR अभियान की व्यापक समीक्षा

बीएलओ को समयसीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश, तकनीकी समस्या के लिए डीएम से की फोन पर वार्ता

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मंगलवार को अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र में व्यापक समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बूथ स्तर पर मंत्री ने परखी व्यवस्था

मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने रनिया मंडल के तहत आने वाले प्रा.वि. किशवल के बूथ संख्या 76, 77, 78, संविलियन विद्यालय रनिया के 206 से 210 तक, तथा नगर पंचायत रनिया, कटका और करवक में स्थित बूथ संख्या 203, 204, 205, 220 एवं 79 सहित सभी महत्वपूर्ण बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), भाजपा के बीएलए-2, बूथ अध्यक्षों एवं बूथ प्रवासियों से सीधे बातचीत की और SIR कार्यों में गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयसीमा के भीतर मतदाता सूची का कार्य पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह सके।

तकनीकी समस्या पर तत्काल एक्शन

रनिया कस्बे में मतदाता मैपिंग से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों की जानकारी मिलते ही मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने तत्काल जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की और समस्या के शीघ्र निस्तारण करने की बात कही। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक समन्वय और जमीनी स्तर की सक्रियता ही त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने की कुंजी है।

मंत्री शुक्ला ने बीएलओ को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों को शत-प्रतिशत भरवाया जाए और छूटे हुए नामों को तत्काल जोड़ा जाए। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने बीएलओ का सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, क्योंकि जनता की भागीदारी के बिना मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का उद्देश्य पूर्ण नहीं होगा।

इस दौरान ललिता देवी, प्रतिमा सिंह, ऊषा पाल, अर्चना, अल्का, राहुल, निधि प्रभा, सुरेंद्र, प्रगति दीक्षित, ममता, प्रतिभा सिंह, संजय पांडेय, बीनू मिश्रा, बउवन द्विवेदी, अंकित परमार, बीनू अवस्थी, आलोक कुशवाहा, मनोज, आयुष कश्यप आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़े- कानपुर : बिठूर विधानसभा में प्रतिभाओं का शक्ति प्रदर्शन, 600 खिलाड़ियों ने दिखाया दम!

Related Articles

AD
Back to top button