कानपुर देहात: महासंघ ने लिया अनिवार्य टीईटी से शिक्षकों की मुक्ति और पुरानी पेंशन बहाली का संकल्प
दो दिवसीय प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का हुआ समापन

कानपुर। सेवारत शिक्षकों के लिए अनिवार्य टीईटी से मुक्ति और पुरानी पेंशन की बहाली के संकल्प के साथ पारितोष इंटरनेशनल स्कूल नौबस्ता कानपुर में जारी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का दो दिवसीय प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का समापन हो गया। अभ्यास वर्ग में कानपुर और अवध प्रांत के 29 जिलों के 302 सक्रिय पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग के प्रांतीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग के दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रांत प्रचारक कानपुर श्री रामजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि संगठन में संपर्क, स्नेह और सहयोग की भावना होनी चाहिए। अधिक से अधिक लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए स्नेह पूर्वक संपर्क और निस्वार्थ भाव से सहयोग करना चाहिए। महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा कि संगठन में कार्य के स्थान पर कार्यकर्ता प्रमुख है।
अध्यक्ष से लेकर न्याय पंचायत प्रभारी तक प्रत्येक महासंघ की मजबूत कड़ी है। सभी का अपना-अपना महत्व और दायित्व है। समस्या सत्र में प्राथमिक शिक्षकों के समक्ष गैर विभागीय कार्यो, एसआईआर और जनगणना संबंधी कार्यों को अवकाश में कराने को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
इस दौरान जोगेंद्र पाल सिंह, प्रदीप कुमार तिवारी, नीलमणि शुक्ला, बृजेश श्रीवास्तव, प्रताप कटियार, संजय त्रिपाठी, जितेंद्र त्रिपाठी, मनोज शुक्ला, अनंत त्रिवेदी, सुनील सचान, इंद्र कुमार, विवेक पाल, गौरव मिश्रा, संत कुमार, अजय कुमार, देवेंद्र सिंह, देवेंद्र तिवारी, मयंक त्रिपाठी, अनूप अवस्थी, शुचि मालवीय, ममता सिंह, अल्पना चौरसिया, श्वेता शुक्ला, पुनीता पालीवाल, स्वाति अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- आशिकी’ फेम राहुल रॉय अब अल्ताफ शेख की फिल्म में बिखेरेंगे जलवा, लखनऊ में हुई खास मुलाकात



