कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: माती के इको पार्क में कैरियर मार्गदर्शन मेले का आयोजन

21 राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने स्टाल लगाकर प्रदर्शित की अपनी प्रतिभा।

कानपुर देहात के माती मुख्यालय स्थित सामुदायिक केंद्र (इको पार्क) में सोमवार को समग्र शिक्षा माध्यमिक के तत्वावधान में जनपद स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन मेला-2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कैरियर मेले का विधिवत शुभारंभ अपर जिला जज हिमांशु कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए.के. सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक कुलदीप वर्मा, उपायुक्त स्वरोजगार गंगाराम वर्मा और जिला सेवायोजन अधिकारी शशि तिवारी सहित शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र के कई दिग्गज मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत जेके मिलेनियम एजुकेशन सेंटर की बैंड टीम और श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स द्वारा किया गया।

विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने बच्चों को कैरियर निर्माण के गुर सिखाए। जनपद नोडल प्रभारी अनुप्रिया गौतम, कौशल किशोर तिवारी और आई ड्रीम करियर से आए मुनीर आलम ने नवीन विषयों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में बच्चों को प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए.के. सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए शारीरिक मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए लक्ष्य निर्धारित करें।

बच्चों द्वारा लगाए गए स्टाल रहे आकर्षण का केंद्र

मेले में जिले के सभी 21 राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने कैरियर गाइडेंस से संबंधित विभिन्न स्टाल लगाए। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने इन स्टालों का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ब्राइट एंजिल्स एजुकेशन सेंटर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम का सफल संयोजन जिला विज्ञान क्लब के डीसी धर्मेश द्विवेदी और जनपदीय नोडल राजमोहन सिंह की टीम द्वारा किया गया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात : भोगनीपुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस प्रशासन की कार्यवाही लगातार जारी

Related Articles

AD
Back to top button