कानपुर देहात: मिशन शक्ति 5.0 के तहत ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ ने बिखरे परिवारों को फिर से जोड़ा
काउंसलिंग के बाद 06 जोड़ों ने मतभेद भुलाकर साथ रहने का लिया फैसला।

कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण का आगाज शानदार तरीके से हुआ। इसी अभियान के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के जरिए टूटते परिवारों को बचाने की एक सराहनीय पहल की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपसी मतभेदों के कारण बिखर रहे परिवारों को समझा-बुझाकर पुनः एक सूत्र में बांधना है।
प्रोजेक्ट नई किरण के इस सत्र में कुल 42 पारिवारिक विवाद के मामले सामने आए। विशेषज्ञों और पुलिस टीम की कड़ी मेहनत व प्रभावी काउंसलिंग के बाद 06 परिवारों के बीच आपसी सहमति बन गई। वर्षों से अलग रह रहे या विवादों में उलझे ये पति-पत्नी अब खुशी-खुशी साथ रहने को तैयार हैं। शेष मामलों में सुलह की संभावनाओं को देखते हुए अगली तारीख दी गई है। इस मानवीय पहल ने न केवल रिश्तों की कड़वाहट कम की, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया है।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की सफलता में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उपनिरीक्षक ज्योति देवी, महिला कांस्टेबल 1284 कु०रीनू, महिला कांस्टेबल 1259 रंजना सोनकर व महिला कांस्टेबल 1195 पिंकी देवी (महिला सहायता प्रकोष्ठ) का प्रमुख योगदान रहा। साथ ही प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्य श्रीमती कंचन मिश्रा और श्रीराम प्रकाश ने भी काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: भाजपा जिला उपाध्यक्ष बनने पर अंशू तिवारी का भव्य स्वागत अलियापुर में जश्न



