कानपुर देहात में अधेड़ की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अकबरपुर (कानपुर देहात)। कानपुर देहात में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नया मोड़ सामने आया है।मृतक के बेटे ने पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके पिता ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया।पीड़ित ने कई लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सजेती थाना क्षेत्र के कुटरा मकरंदपुर गांव निवासी धनंजय, पुत्र स्वर्गीय राजवीर सिंह, ने अकबरपुर थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पिता राजवीर सिंह कानपुर नगर में नौकरी करते थे। शिकायत के अनुसार, राजवीर सिंह अपनी सगी साली आरती उर्फ रीना के संपर्क में आ गए थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने अपने कुछ खेत बेचकर करीब तीन लाख रुपये आरती को दे दिए थे। धनंजय का आरोप है कि जब उसके पिता ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरती ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। शिकायत में कहा गया है कि राजवीर सिंह ने इस विवाद की जानकारी अपने भाइयों को भी दी थी और आशंका जताई थी कि मामला गंभीर हो सकता है।
शिकायत के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को राजवीर सिंह के पास एक फोन आया, जिसमें उन्हें गाली-गलौज और धमकियां दी गईं। अगले दिन सुबह सूचना मिली कि उन्होंने कथित रूप से फांसी लगा ली है। हालांकि, बेटे का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। धनंजय ने अपने प्रार्थना पत्र में रामकरण, सुमित, पूरन उर्फ हरिनारायण सिंह, रीना उर्फ आरती, बिंदी और विनीता सहित कई लोगों को नामजद करते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से सभी आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल, यह सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।



