कानपुर देहात में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को मिली रफ्तार, डीएम कपिल सिंह ने कसे पेंच
24 भवनों का बजट जारी: भूमि चयन में देरी बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को समयसीमा में रिपोर्ट देने के निर्देश

कानपुर देहात: सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए योगी सरकार की महत्वकांक्षी ‘अन्नपूर्णा भवन’ योजना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक की और अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दिए कि इस परियोजना में किसी भी तरह की लेत-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों (SDM) को विशेष रूप से निर्देशित किया कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए जमीन की तलाश और उसका चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि की उपलब्धता से जुड़ा विवरण और सत्यापन रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार करके शासन को भेजी जाए ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।
24 भवनों के लिए बजट हुआ जारी
जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बैठक में जानकारी दी कि जिले की 150 दुकानों की वरिष्ठता सूची तैयार की गई है। इनमें से अभी 24 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए बजट प्राप्त हो चुका है। जैसे ही राजस्व विभाग द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि यह योजना सीधे तौर पर जनहित से जुड़ी है, इसलिए भूमि चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। जहाँ जमीन चिन्हित हो चुकी है, वहां के दस्तावेजों की जांच पूरी कर फाइनल रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन. ने जूम मीटिंग के जरिए जुड़कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, सभी खंड विकास अधिकारी (BDO), पूर्ति निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़े- लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा और परिणाम



