कानपुर देहात में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 60 किग्रा मिलावटी लड्डू और रंगीन मसाले नष्ट, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप
मिलावटखोरों और अत्यधिक रंग प्रयोग करने वाले दुकानदारों को दी गई सख्त चेतावनी।

कानपुर देहात: आगामी श्रावण मास और रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित व गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी और आयुक्त खाद्य सुरक्षा के आदेश पर खाद्य विभाग की टीम ने शिवली नगर पंचायत और अकबरपुर सब्जी मंडी में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर जागरूकता और प्रवर्तन कार्रवाई की।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राम अवतार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चन्द्र और राम बिहारी ने शिवली नगर पंचायत में व्यापारियों को मिठाइयों में सीमित रंग व अखाद्य रंगों का प्रयोग न करने के प्रति जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान सांवरिया स्वीट हाउस, घनश्याम स्वीट हाउस, अनुराग स्वीट हाउस तथा बैरी रोड स्थित राजेन्द्र व महेन्द्र की दुकान से अत्यधिक रंगीन होने के कारण लगभग 60 किलोग्राम मिलावटी लड्डू (अनुमानित मूल्य ₹7200) मौके पर नष्ट कराए गए।
उधर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय व खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेन्द्र नाथ सिंह यादव ने अकबरपुर सब्जी मंडी में मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (FSW) के माध्यम से खाद्य मसाले, दालों व चायपत्ती की जांच की। जांच में खाद्य मसालों (मिर्च, रोगनी मिर्च, केसर) में मिलावटी रंग की पुष्टि होने पर उन्हें भी मौके पर नष्ट कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में अत्यधिक रंगों का प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: घर में सो रही 9 वर्षीय छात्रा की सर्पदंश से मौत, परिवार में मचा कोहराम



