कानपुर देहात में झाड़ियों और खेत में मिले 2 अज्ञात नवजात शिशु
शिवली और सिकंदरा थाना क्षेत्र की घटना; प्रशासन ने बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती, परिजनों की तलाश जारी

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में मानवता को शर्मसार करने वाली दो दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जहाँ शिवली और सिकंदरा थाना क्षेत्र में दो अज्ञात नवजात शिशु लावारिस अवस्था में मिले हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने इस संबंध में जानकारी दी।
शिवली में मिली दुधमुंही बालिका:
आज सुबह करीब 7 बजे, शिवली थाना क्षेत्र में रानियां के अलियापुर गांव के पास सड़क के किनारे झाड़ियों के बीच से एक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। अध्यापक आलोक कुमार पुत्र जय सिंह ने पास जाकर देखा तो एक दुधमुंही बालिका बिना कपड़ों के पड़ी हुई थी। उन्होंने तत्काल मैथा चौकी इंचार्ज और शिवली थाने को सूचित किया। सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुँची और बालिका को अपनी सुपुर्दगी में लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक रिचा तिवारी ने बताया कि बच्ची को प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी शिवली में दिखाया गया है।
सिकंदरा में मिट्टी में दबा मिला नवजात:
वहीं, थानाध्यक्ष सिकंदरा द्वारा जिला प्रोबेशन अधिकारी को अवगत कराया गया कि 6 नवंबर 2025 को मदनपुर गांव के खेतों की मिट्टी में एक नवजात शिशु दबा हुआ मिला था। खेत में बकरी चराने गई एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसे मिट्टी से बाहर निकाला और प्राथमिक देखरेख की। ग्रामीणों द्वारा 7 नवंबर को इसकी सूचना सिकंदरा थाने को दी गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण द्वारा बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लिया गया।
उपचार और अपील:
बाल कल्याण समिति कानपुर देहात के आदेशानुसार, सिकंदरा से प्राप्त नवजात शिशु को उचित उपचार हेतु जिला अस्पताल के एसएनसीयू (SNCU) वार्ड में भर्ती कराया गया है। दोनों बच्चों के परिजनों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जिस किसी को भी बच्चों के माता-पिता/रिश्तेदार आदि के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो, वे बाल कल्याण समिति कानपुर देहात, जिला प्रोबेशन कार्यालय कानपुर देहात अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं।


