कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अमन यात्रा लाइव महा-अपील: अपनों से बिछड़ा 5 साल का मासूम, बरौर पुलिस की गोद में सुरक्षित, क्या आप जानते हैं इसके माता-पिता को?

डरे-सहमे मासूम के लिए 'कवच' बनी कानपुर देहात पुलिस, मिशन शक्ति केंद्र में मिल रही ममता।

कानपुर देहात: जनपद के थाना बरौर क्षेत्र से मानवता को सुकून देने वाली एक खबर सामने आई है। बीती रात जब पूरी दुनिया सो रही थी, तब बरौर पुलिस एक 5 साल के मासूम को उसके अपनों से मिलाने के लिए सड़कों पर खाक छान रही थी। ग्राम तारनपुर में लावारिस हालत में मिले एक घबराए हुए बच्चे को पुलिस ने न केवल सुरक्षित रेस्क्यू किया, बल्कि उसे थाने के मिशन शक्ति केंद्र में अपनी देखरेख में रखकर ममता और सुरक्षा का अहसास भी कराया।

घटनाक्रम के अनुसार, 17/18 मार्च की दरमियानी रात गश्त के दौरान थानाध्यक्ष बरौर को सूचना मिली कि तारनपुर गांव में एक छोटा बच्चा अकेला और बदहवास स्थिति में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। करीब 5 साल का यह मासूम इतना डरा हुआ था कि वह अपने घर का पता या माता-पिता का नाम बताने में असमर्थ था। पुलिस ने रात में ही आसपास के ग्रामीणों को जगाकर बच्चे की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

वर्तमान में बच्चे को पूरी सुरक्षा के साथ थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र में रखा गया है और इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दे दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार आसपास के गांवों में बच्चे की फोटो दिखाकर उसके परिजनों की तलाश में जुटी हैं। अमन यात्रा लाइव के माध्यम से हम आम जनता से अपील करते हैं कि इस मासूम की तस्वीर को अधिक से अधिक साझा करें ताकि यह बच्चा जल्द से जल्द अपने माता-पिता की गोद में पहुंच सके। यदि आपको इस बच्चे के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल 9454403692 पर संपर्क करें।

Related Articles

AD
Back to top button