कानपुर देहात में पशु आहार चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
राशन की बोरियों सहित डीसीएम गाड़ी भी बरामद

कानपुर देहात: कानपुर देहात की रनियाँ पुलिस ने एक बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 141 बोरी कपिला पशु आहार और चोरी में इस्तेमाल हुई डीसीएम गाड़ी भी बरामद की है।
मामला 5 सितंबर का है, जब रनियाँ में स्थित कपिला पशु आहार फैक्ट्री से 240 बोरी पशु आहार चोरी हो गया था। इस संबंध में 16 सितंबर को फैक्ट्री मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पहला आरोपी कैफी अहमद को रनियाँ थाना क्षेत्र के बारा टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से डीसीएम गाड़ी और 40 बोरी पशु आहार बरामद हुई। पूछताछ में कैफी ने बताया कि वह यह पशु आहार महाराष्ट्र ले जा रहा था, लेकिन लालच में आकर उसने रास्ते में ही इसे बेचने का फैसला किया। उसने अपने परिचित आशीष कुमार विश्नोई को 101 बोरी पशु आहार ₹90,000 में बेच दिया था और कुछ बोरियां फुटकर में भी बेची थीं।
इसके बाद, कैफी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी आशीष कुमार विश्नोई को औरैया से गिरफ्तार कर लिया। आशीष ने यह बात मानी कि उसने चोरी का पशु आहार खरीदा था और उसे अपने गोदाम में रखा था। पुलिस ने आशीष के पास से भी 101 बोरी पशु आहार बरामद कर लिया।
कैफी अहमद पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है। इस सफलता को कानपुर देहात पुलिस द्वारा अपराधों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



