कानपुर देहात में भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद
चाय बनाने के बहाने बुलाकर चचेरे देवर ने किया हमला।

कानपुर देहात: जनपद के थाना भोगनीपुर अंतर्गत गिरदौं गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक और जघन्य हत्याकांड सामने आया है। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना भोगनीपुर पुलिस ने वारदात के महज 48 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी चचेरे देवर को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी (आला कत्ल) भी बरामद कर ली है।
जानिए क्या है पूरी घटना
घटना 25 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे की है। मृतका प्रियंका (उम्र करीब 25 वर्ष) अपने घर पर मौजूद थी। उसी दौरान उसका चचेरा देवर रोहित उर्फ छोटू (24 वर्ष) पुत्र श्यामबाबू उर्फ सिपाहीलाल निवासी गिरदौं वहां पहुंचा। आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत अपनी भाभी प्रियंका को चाय बनाने के बहाने अपने घर बुलाया। जैसे ही प्रियंका रसोई में चाय बनाने लगीं, आरोपी ने पीछे से हमला बोल दिया। उसने कुल्हाड़ी से सिर पर दो बार, गले पर एक बार और चेहरे पर एक बार ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण प्रियंका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने उगला सच
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी रोहित ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता श्यामबाबू को पुखरायां छोड़कर सुबह घर लौटा था। आरोपी का कहना था कि वह पिछले एक हफ्ते से अपनी भाभी प्रियंका के चाल-चलन से नाराज चल रहा था।
आरोपी ने बताया, “हमारे मोहल्ले में रोज रात 9:30 बजे से 12:30 बजे तक बिजली नहीं रहती थी। इस अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोग भाभी के घर आते-जाते थे। उन्हें रोज देखकर मेरे अंदर काफी गुस्सा भर गया था।” इसी गुस्से और शक के चलते उसने 25 जुलाई की दोपहर सब्जी लेने के बहाने भाभी से संपर्क किया और फिर चाय बनवाने के बहाने घर बुलाकर कुल्हाड़ी से उनकी हत्या कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
25 जुलाई को मृतका के पति द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना भोगनीपुर में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। भोगनीपुर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर 27 जुलाई 2026 को गौराडांडा मोड़ के पास से वांछित अभियुक्त रोहित उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक इतिहास और पुलिस टीम
गिरफ्तार आरोपी रोहित उर्फ छोटू का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना भोगनीपुर में वर्ष 2021 में मारपीट और गाली-गलौज (धारा 323, 325, 504, 506 भादवि) का मुकदमा दर्ज है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक अपराध वीरेन्द्र बहादुर यादव, उप-निरीक्षक अतेन्द्र कुमार (चौकी प्रभारी देवीपुर), कांस्टेबल अमित कुमार, हेड कांस्टेबल गजेंद्र प्रताप सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल धनंजय सारस्वत, रिक्रूट कांस्टेबल सुशील कुमार और चालक कांस्टेबल हर्ष चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अभियुक्त को वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
ये भी पढे-कानपुर देहात में नाबालिग से दुष्कर्म का वांछित आरोपी गिरफ्तार, मंगलपुर पुलिस ने झींझक के पास दबोचा



