कानपुर देहात में मिट्टी ढो रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
परिजन दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग पर अड़े,लगाया जाम

कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसा सामने आया है।बुधवार शाम करीब पांच बजे नोनापुर गांव के पास मिट्टी ढो रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुजौर गांव निवासी 28 वर्षीय सचिन सचान के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिजनों ने कार्यवाही की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर यातायात जाम कर दिया।सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह,पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय सिंह तथा कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे।अधिकारियों ने परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास किया परन्तु परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग पर अड़े हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि सचिन किसी काम के पुखरायां कस्बा गया हुआ था तभी नोनापुर गांव के पास यह हादसा हुआ।फिलहाल परिजनों का दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन अभी जारी है।पुलिस उन्हें समझाने बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है।



