कानपुर देहात में मिशन शक्ति 5.0 का बड़ा अभियान, एसपी श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में महिलाओं को किया जागरूक
बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गूंजी सुरक्षा की आवाज, पुलिस ने सिखाए साइबर अपराध से बचाव के मंत्र
कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत कानपुर देहात में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस ने जिले के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्हें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही डिजिटल युग में त्वरित पुलिस सहायता पाने के लिए UPCOP ऐप को डाउनलोड करने और उसके इस्तेमाल के तरीके भी समझाए गए।
वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष रूप से सचेत किया। सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल से सुरक्षित रहने के लिए व्यावहारिक टिप्स साझा किए गए। इसके अलावा महिलाओं को कानून की ताकत से रूबरू कराते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के बारे में जानकारी दी गई ताकि वे अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें।
कानपुर देहात पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से समाज को एक कड़ा संदेश दिया है कि महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा या प्रताड़ना की स्थिति में बिना किसी डर के तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। कानपुर देहात पुलिस हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
ये भी पढे- मेहनत रंग लाई कानपुर देहात के बोर्ड टॉपर्स को मिला सम्मान, खाते में आए 21 हजार रुपये



