कानपुर देहात में सड़क हादसे में साले की मौत,पति पत्नी घायल
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।हादसे में मुक्तापुर गांव के पास 10 वर्षीय बालक अभिषेक की मौत हो गई वहीं उसकी बहन पूनम और जीजा आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के पश्चात कानपुर हैलट रेफर किया गया है।जानकारी के मुताबिक बरौला निवासी आशुतोष अपनी पत्नी पूनम और साले अभिषेक 10 वर्ष के साथ अकबरपुर बाजार करने जा रहे थे।तभी मुक्तापुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में अभिषेक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।हादसे के बाद आशुतोष और पूनम को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के पश्चात हालत गंभीर देख दंपति को कानपुर हैलट रेफर कर दिया।परिजनों के मुताबिक आशुतोष और पूनम की शादी सात महीने पूर्व ही हुई थी।अभिषेक अपनी बहन पूनम के साथ उसकी ससुराल में ही रहता था।घटना के बाद से परिवार में शोक छाया हुआ है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़े- अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर डफरिन अस्पताल में नवजात बालिकाओं को बेबी कीट वितरित



