कानपुर देहात में स्कूल बस ड्राइवर की काली करतूत, नाबालिग से सामूहिक छेड़छाड़ और धर्म परिवर्तन कराने वाले दो दबोचे

कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मूसानगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मूसानगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को डरा-धमकाकर, शादी का झांसा देकर और प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की साजिश रचने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब 3 जुलाई 2026 को कस्बे के ही एक मोहल्ला निवासी जीतू गुप्ता ने मूसानगर थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुख्तार कुरैशी, राज राईन और मोनिस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, पॉक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। मामला दर्ज होते ही थानाध्यक्ष अमिता वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और हलिया मोड़ के पास से दो नामजद आरोपियों मुख्तार अहमद और राज राईन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी मुख्तार अहमद एक स्थानीय इंटर कॉलेज में बस चालक है। वह पीड़िता को उसके घर से स्कूल बस में लाने और ले जाने का काम करता था। इसी दौरान उसने नाबालिग पर दबाव बनाकर उसकी दोस्ती दूसरे आरोपी राज राईन से कराई। इसके बाद मुख्तार, राज राईन और उनका तीसरा साथी मोनिस पीड़िता को डराने-धमकाने लगे और शादी का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने लगे। आरोपियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक रूप से छेड़छाड़ करने की बात भी कबूल की है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी मोनिस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार और कांस्टेबल गोविंद सिंह यादव शामिल रहे।



