कानपुर देहात में हाइवे किनारे खून से लतपथ मिला युवक का शव,परिजनों में मचा कोहराम
परिजन बोले- यह हादसा नहीं, हत्या है

- कानपुर-इटावा हाईवे पर युवक का खून से लथपथ शव मिला।
- मृतक की पहचान मुबारकपुर के रवि राठौर के रूप में हुई।
- परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस ने बताया दुर्घटना।
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
कानपुर देहात: जनपद के डेरापुर थाना क्षेत्र के कांधी के पास शनिवार सुबह कानपुर इटावा हाइवे किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई।मृतक की पहचान मुबारकपुर निवासी रवि राठौर उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।वह अकबरपुर के एक स्कूल में वाहन चालक था।सुबह सड़क किनारे राहगीरों ने खून से लतपथ शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
शव से कुछ दूरी पर पेट्रोल पंप के पास मृतक की बाइक खड़ी मिली।घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।मृतक के पिता बलराम ने बताया कि रवि शुक्रवार शाम घर से निकला था,लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चला।सुबह शव मिलने की खबर मिली।जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी प्रियंका और अन्य परिजन कांधी पहुंचे।
शव देख परिजन बिलख बिलख कर रोने लगे।ग्रामीणों ने भी घटना को संदिग्ध बताया है और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।थानाध्यक्ष संजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



