कानपुर देहात: मोटरसाइकिल से बकरा उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के दो बकरे बरामद
यूपीएसआईडीसी पानी की टंकी के पास से आरोपी जुबैर गिरफ्तार, साथी धर्मेन्द्र उर्फ आशिक फरार।

कानपुर देहात: जनपद में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में थाना गजनेर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए बकरा चोरी करने वाले गिरोह के एक शातिर अभियुक्त को चोरी के दो बकरों सहित गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बाहर से बाइक पर लादकर ले गए थे बकरे
चोरी की यह घटना 17 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे गजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मापुरवा में हुई थी। यहां के निवासी राजन सोनकर ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर बंधे दो बकरे (एक काला और एक भूरा) जुबैर नाम के व्यक्ति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर लादकर चोरी कर लिए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
बाजार में बेचने की फिराक में था आरोपी
गजनेर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के बकरों के साथ आरोपी जलालपुर नागिन मोड़ गजनेर रोड पर यूपीएसआईडीसी पानी की टंकी ग्रोथ सेंटर के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी जुबैर को रंगेहाथ दबोच लिया, जिसके पास से चोरी के दोनों बकरे बरामद हो गए। हालांकि, पुलिस को देखकर उसका दूसरा साथी मौके से भागने में सफल रहा।
गुटखा लेने गया था साथी, पुलिस ने दबोचा
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी जुबैर ने बताया कि उसने अपने साथी धर्मेन्द्र उर्फ आशिक के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से बकरे चुराए थे। वे दोनों इन बकरों को बेचने के लिए घाटमपुर बाजार जा रहे थे। रास्ते में यूपीएसआईडीसी पानी की टंकी के पास धर्मेन्द्र उसे बकरों के साथ छोड़कर गुटखा लेने चला गया था, तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने कुबूल किया कि वे बकरे चोरी कर उन्हें बेचने का धंधा करते हैं। फरार आरोपी धर्मेन्द्र की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी जुबैर का पहले भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक इतिहास रहा है।
ये भी पढे- कानपुर देहात में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशेड़ी ड्राइवरों और मोडिफाई साइलेंसर पर कसा शिकंजा



