कानपुर देहात: रनिया लूट कांड के खुलासे को लेकर एसपी ने देर रात थाने में बैठक कर अधीनस्थो के कसे पेंच
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने देर रात रनियां थाने में 2 घंटे तक ली समीक्षा बैठक, मातहतों को दी सख्त हिदायत।

रनियां, आशीष कुमार। रनियां थाना क्षेत्र के पामा रोड श्याम सुंदर नगर में बीते बुधवार की रात हथियार बंद लुटेरों द्वारा की गई लूट-पाट की घटना में पुलिस की छह टीमें लगातार खुलासे में जुटी है। हालांकि अभी तक किसी भी लुटेरे को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। इधर शुक्रवार की देर रात एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ रनियां थाने में लंबी बैठक की। इस दौरान अभी तक की प्रगति और घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। हालांकि तीन दिन गुजर गए और घटना का खुलासा न होने से पीड़ित परिवार व इलाके में भय व दहशत का माहौल है।
रनियां में पामा स्टेशन रोड पर रहने वाले अखिलेश उर्फ राजन संखवार के घर बीते बुधवार की रात आधा दर्जन से अधिक हथियार बंद लुटेरों ने चाकू की नोक पर लाखों रुपए की नगदी व जेवरात लूटे थे। घटना में पुलिस द्वारा गुरुवार की सुबह से ही मोहल्ले व आने-जाने के मुख्य रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। शनिवार को भी पुलिस ने पामा स्टेशन रोड स्थित तमाम फैक्ट्री, घरों, ख़ानचंद्रपुर, कुंदनपुर आदि गांवों में निगरानी के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।
वहीं शुक्रवार की देर रात एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय रनियां थाने पहुंची। यहां पर एएसपी आलोक प्रसाद, सीओ सदर संजय सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी प्रवीण यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, गजनेर थाना प्रभारी सनत कुमार, अकबरपुर इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह, सहित रनियां थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल के साथ बैठक की। परिवार को बंधक बनाकर चाकू की नोक पर लाखों की लूट की घटना के खुलासे को लेकर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय लगातार पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। रनियां में लगभग दो घंटे की बैठक के दौरान भी उनका पूरा ध्यान घटना के खुलासे पर ही रहा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो – तीन संदिग्धों की पहचान पुलिस ने की है, अभी तक लगभग बीस – पच्चीस संदिग्ध व्यक्तियों से पुलिस ने पूछताछ की है। उम्मीद है कि बहुत जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढे- ऑपरेशन कन्विक्शन: शिवली पुलिस की पैरवी से गांजा तस्कर को 1 माह की सजा व 10 हजार का जुर्माना



