कानपुर देहात: रसूलाबाद पुलिस ने 24 घंटे में किया अंधे कत्ल का खुलासा आईपीएल के कर्ज और मामूली विवाद में की गई थी असद की हत्या
कांच की बोतल से गला रेतकर शव को हड्डी मिल के हौज में फेंका हत्या में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार
कानपुर देहात की रसूलाबाद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए असद हुसैन की हत्या की गुत्थी को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने बटपरू गांव के मोड़ के पास से दो अभियुक्तों शाहनबाज उर्फ जेके और सरताज को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए रूह कंपा देने वाली कहानी बयां की है। मुख्य अभियुक्त शाहनबाज ने बताया कि मृतक असद हुसैन उसका मित्र था और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन चलता रहता था।
असद आईपीएल में सट्टा लगाता था और उसने शाहनबाज से 5000 रुपये उधार लिए थे जिन्हें वह हार गया था। जब शाहनबाज ने अपने पैसे मांगे तो असद ने और रुपयों की मांग की जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि शाहनबाज ने अपने दोस्त सरताज के साथ मिलकर असद को ठिकाने लगाने की योजना बना डाली। घटना वाले दिन आरोपी असद को ई-रिक्शा में बैठाकर विषधन रोड स्थित पुरानी हड्डी मिल के पास ले गए जहाँ उन्होंने पहले साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद सरताज ने असद के दोनों हाथ पकड़ लिए और शाहनबाज ने गला दबाने के बाद कांच की बोतल तोड़कर उसके गले पर वार कर दिया जिससे असद की मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने रात के समय शव को एक प्लास्टिक की बोरी में भरकर हड्डी मिल के सूखे पड़े हौज में फेंक दिया और ऊपर से ईंटें रख दीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है और उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।




