कानपुर देहात-रसूलाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: नाबालिग से दुष्कर्म का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कठारा मोड़ से दबोचा, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में भेजा जेल

कानपुर देहात: जनपद में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रसूलाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 12 जून 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना रसूलाबाद में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को प्रदीप उर्फ कल्लू यादव पुत्र कोमल सिंह (निवासी ग्राम कुडरी, थाना सहायल, जनपद औरैया) बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पीड़ित के बयानों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की दुष्कर्म से जुड़ी धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार और लाखन सिंह की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रदीप उर्फ कल्लू यादव (25 वर्ष) को कठारा मोड़ थाना क्षेत्र रसूलाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: हार्वेस्टर में तोड़फोड़ और रंगदारी वसूलने वाले दो बदमाशों को 7-7 साल की कैद



