कानपुर देहात: राजस्थान से धरा गया नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी, बरौर पुलिस की बड़ी कामयाबी
कानपुर देहात पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर आरोपी मोनू सैनी को भेजा जेल

कानपुर देहात: थाना बरौर पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने राजस्थान के भरतपुर से आरोपी मोनू सैनी को गिरफ्तार कर अपहृता को बरामद किया। पकड़े गए आरोपी को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जनपद कानपुर देहात में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बरौर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले वांछित अभियुक्त को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही अपहृता को भी सकुशल बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, थाना बरौर में 29 मार्च 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 24/2026 धारा 137(2)/87 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना और प्राप्त साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आरोपी मोनू सैनी का नाम प्रकाश में आया। आरोपी मोनू सैनी, मुंशीराम सैनी का पुत्र है और वह ग्राम भैसेड़ा, थाना पहाड़ी, जनपद भरतपुर, राजस्थान का निवासी है।
नाम सामने आने के बाद से ही बरौर थाना पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। 22 मई 2026 को पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर राजस्थान के भरतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम भैसेड़ा में दबिश देकर अभियुक्त मोनू सैनी को दबोच लिया। पुलिस ने उसके चंगुल से अपहृता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए 21 वर्षीय आरोपी को पुलिस द्वारा नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना बरौर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्याम सिंह, कांस्टेबल दुर्गेश दुबे और महिला कांस्टेबल ज्योत्सना तिवारी शामिल रहे।
ये भी पढे- कानपुर: मंदिरों से मोहल्लों तक पहुंची जनगणना टीम, शुरू हुई भवनों की गिनती



