कानपुर देहात: शादी समारोह में फायरिंग से सनसनी, दुल्हन पर जानलेवा हमला करने वाला सिरफिरा तमंचे के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।

कानपुर देहात (मंगलपुर): जनपद के मंगलपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचौसी में बीती शाम एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब एक सिरफिरे युवक ने गेस्ट हाउस में घुसकर हंगामा किया और दुल्हन पर जानलेवा हमला कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही दबोच लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी कालीचरन (निवासी मधवापुर, दिबियापुर, औरैया) अपनी पुत्री का विवाह कंचौसी स्थित ‘रामकृष्ण गंगाधाम गेस्ट हाउस’ में कर रहे थे। दिनांक 19.11.2025 की शाम करीब 06:30 बजे विवाह की रस्में चल रही थीं, तभी कासगंज जिले का रहने वाला अरवेश कुमार उर्फ अंकित वहां आ धमका।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और हंगामा मचाने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, उसने अपनी जेब से तमंचा निकाला और सीधे दुल्हन पर फायर झोंक दिया। सौभाग्यवश गोली का निशाना चूक गया और दुल्हन बाल-बाल बच गई।
पुलिस का एक्शन और गिरफ्तारी
गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। आरोपी ने दहशत फैलाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस ने गजब की तत्परता दिखाई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अरवेश कुमार को हिरासत में ले लिया।
बरामदगी:
पुलिस ने अभियुक्त की तलाशी लेने पर निम्नलिखित चीजें बरामद की हैं:
01 अवैध तमंचा
02 जिन्दा कारतूस
घटनास्थल से 02 खोखा कारतूस
मुकदमा दर्ज
वादी की तहरीर पर मंगलपुर थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0-411/25 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 109(1), 352 और 351(3) में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।
–



