कानपुर देहात: शिवली पुलिस का बड़ा एक्शन, 1 कुंतल गौमांस के साथ बेकनगंज के दो तस्कर गिरफ्तार
स्कूटी से ले जा रहे थे मांस की खेप, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

कानपुर देहात की शिवली पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को भारी मात्रा में गौमांस के साथ गिरफ्तार किया है।
जियो पेट्रोल पंप के पास हुई घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति स्कूटी से गौमांस लेकर जा रहे हैं। इस सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई शिवली पुलिस टीम ने शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस ने जियो पेट्रोल पंप से करीब एक किलोमीटर आगे शिवली की तरफ दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से दो प्लास्टिक बोरियों में भरा कुल 100 किलोग्राम (1 कुंतल) गौमांस बरामद हुआ।
पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मो. जुबेर अंसारी (उम्र 30 वर्ष) और आसिफ (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों ही अभियुक्त कानपुर नगर के बेकनगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से गौमांस के अलावा घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और 340 रुपये नकदी भी बरामद की है।
पांच के खिलाफ मुकदमा, तीन फरार
पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मो. जुबेर, आसिफ, कल्लू कुरैशी, जुनैद और एक अज्ञात सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ मु.अ.सं. 17/2025 धारा 3/5/8 उ.प्र. गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जबकि फरार अन्य तीन आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।



