कानपुर देहात: शिवली में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मौत से पहले आई अनजान कॉल ने उलझाई गुत्थी
पिता ने पड़ोसी युवक पर एक साल से परेशान और ब्लैकमेल करने का लगाया गंभीर आरोप।

कानपुर देहात के शिवली कस्बे में गुरुवार शाम एक 16 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।हैरानी की बात यह है कि मौत से करीब तीन घंटे पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के साथ मारपीट की सूचना दी थी।सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का माहौल सामान्य मिला।जिसके बाद पुलिस परिवार को समझाकर लौट आई।इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे छात्रा ने घर में फांसी लगा ली।मृतका की पहचान शिवली कस्बे के गांधीनगर निवासी ट्रक चालक कमलेश द्विवेदी की 16 वर्षीय पुत्री दीपाली के रूप में हुई है।
दीपाली कक्षा 11 की छात्रा थी और चार भाई बहनों में सबसे छोटी थी।परिजनों के मुताबिक दीपाली पढ़ने लिखने में होनहार थी।उसका सपना एयर फोर्स में भर्ती होकर देश सेवा करने का था।घटना के समय दीपाली के पिता ट्रक लेकर जयपुर गए हुए थे।परिजनों के मुताबिक गुरुवार को दीपाली पड़ोस में रहने वाले एक युवक के घर चली गई थी।जिस पर उसकी मां डांट फटकार कर उसको घर लाई और कमरे में रहने को कहा।पिता कमलेश द्विवेदी का कहना है कि यह सामान्य पारिवारिक अनुशासन था।जैसा हर माता पिता अपने बच्चों को समझाने के लिए करते हैं।इसी बीच दोपहर करीब तीन बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के साथ मारपीट होने की सूचना डॉयल 112 पुलिस को दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार से पूछताछ की लेकिन पुलिस को वहां कोई विवाद या मारपीट नहीं मिली।
परिजनों का कहना है कि वे इस कॉल के बारे में पूर्ण रूप से अनजान हैं।उनका दावा है कि जिस नंबर से पुलिस को सूचना दी गई वह बाद में बंद मिला।पुलिस के वापस लौटने के करीब तीन घंटे बाद शाम 6 बजे दीपाली ने घर में फांसी लगा ली।घटना की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।फोरेंसिक टीम के साक्ष्य संकलन के पश्चात शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।पिता कमलेश द्विवेदी ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि युवक करीब एक साल से उनकी बेटी को परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था।दोनों घरों की छतें जुड़ी होने के कारण वह दोस्तों के साथ छत पर आकर अभद्र हरकतें करता था।परिवार ने इसकी शिकायत कई बार युवक के परिजनों से की लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।पिता का दावा है कि काल डिटेल और मोबाइल रिकॉर्ड की जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।क्योंकि युवक अलग अलग नंबरों से उसकी बेटी से संपर्क रखता था।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



