कानपुर देहात: सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का ‘हंटर’, 312 वाहनों का चालान और 4 वाहन सीज
जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान

कानपुर देहात। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने बुधवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।
नियम तोड़ने वालों पर हुई सख्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले भर में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने विशेष रूप से उन वाहनों को निशाना बनाया जो ब्लैक फिल्म, जातिसूचक शब्द, बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के सड़कों पर दौड़ रहे थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। अभियान के तहत पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 312 वाहनों का चालान काटा, जबकि 04 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस की आम जनता से अपील कार्यवाही के साथ ही जनपदीय पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक भी किया। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। साथ ही, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और नशे की हालत में ड्राइविंग न करें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



