कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: सांसद देवेंद्र सिंह भोले की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक संपन्न, विकास कार्यों की हुई गहन समीक्षा

कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

कानपुर देहात। कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद देवेंद्र सिंह भोले की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनपद के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सांसद ने परिवहन विभाग को ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा देने तथा फिटनेस सेंटरों की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रभागीय वनाधिकारी से वृक्षारोपण की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति की जांच कराने को कहा गया। कानपुर विकास प्राधिकरण को अपने कर्मचारियों की जनपद में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्वीकृत मानचित्रों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा और जनसुविधाओं पर जोर देते हुए सांसद ने एनएचएआई को बारा से कालपी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और अकबरपुर पुल से थाने तक सर्विस रोड का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जल निगम द्वारा कराए गए कार्यों की जांच और सड़कों के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया। इसके अलावा कौशल विकास मिशन के तहत पिछले तीन वर्षों में दिए गए रोजगार और स्वयं सहायता समूहों से पात्र व्यक्तियों को जोड़ने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी को नए राशन कार्ड जारी करते समय पात्रता की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रारंभ में स्पष्ट किया कि बैठक में केवल दिशा समिति के अंतर्गत आने वाले विषयों पर ही चर्चा की जाए ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। अंत में सांसद ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए बैठक का समापन किया।

Related Articles

AD
Back to top button