कानपुर देहात: सीएचसी डेरापुर में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ, पहले दिन 18 महिलाओं की हुई जांच
सीएमओ डॉ जय गोविन्द ने फीता काटकर किया केंद्र का भव्य उद्घाटन

डेरापुर, कानपुर देहात। क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डेरापुर में शनिवार को निःशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कानपुर देहात डॉ. जय गोविन्द ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति सिंह ने ग्राम भूपतियापुर निवासी सीता देवी, पत्नी सुनील कुमार का प्रथम निःशुल्क अल्ट्रासाउंड किया। पहले ही दिन कुल 18 गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविन्द ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर अल्ट्रासाउंड जांच मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए अत्यंत आवश्यक होती है। सीएचसी डेरापुर में यह सुविधा शुरू होने से अब क्षेत्र की महिलाओं को जांच के लिए निजी केंद्रों या जिला अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और आर्थिक व्यय दोनों बचेंगे तथा समय पर बेहतर चिकित्सीय परामर्श भी मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच सुनिश्चित कर उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान की जा सकेगी, जिससे सुरक्षित मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने भी सीएचसी डेरापुर में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। उनका कहना है कि अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।



