कानपुर देहात: सीएचसी में ऑपरेशन बताया गया, लेकिन 108 एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित नॉर्मल प्रसव
ईएमटी सतेंद्र और पायलट साजिद अली की सूझबूझ से जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कानपुर देहात। बरवा रसूलपुर निवासी धरेन्द्र की पत्नी रीना (26 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन 102 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवीपुर लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने गर्भवती की हालत गंभीर बताते हुए यह भी बताया कि प्रसव ऑपरेशन से कराना पड़ेगा, इसके बाद महिला को जिला अस्पताल कानपुर देहात के लिए रेफर कर दिया गया।
रेफर के बाद 108 एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सतेंद्र और पायलट साजिद अली ने सूझबूझ और त्वरित निर्णय लेते हुए एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया और सभी आवश्यक सावधानियों के साथ एंबुलेंस में ही सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई।
प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर और स्वस्थ बताई जा रही है। परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा और स्टाफ की तत्परता व कार्यकुशलता की सराहना की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, समय पर एंबुलेंस सेवा और प्रशिक्षित ईएमटी की सूझबूझ से महिला और नवजात की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।



