कानपुर देहात: 1 जनवरी को आएंगे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, तैयारियों ने पकड़ा जोर
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने हेलीपैड का किया निरीक्षण
कानपुर देहात। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 1 जनवरी को प्रस्तावित आगमन को लेकर जनपद में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मैथा तहसील के रामजानकी महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ग्राम असई बैरी पहुंचे।
राज्यमंत्री ने उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय के साथ कार्यक्रम स्थल और नवनिर्मित हेलीपैड का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेलीपैड की सुरक्षा, तकनीकी तैयारियों, पार्किंग व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट के मार्गों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर “नया साल बुजुर्गों के साथ” एक विशेष जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में मैथा मंडल के लगभग 10 हजार बुजुर्गों को कंबल वितरित किए जाएंगे और सभी के लिए खिचड़ी भोज की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान ही इस आयोजन का मुख्य ध्येय है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर क्षेत्र की जनता को संबोधित भी करेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे मैथा मंडल में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासनिक टीम और पुलिस बल बैरिकेडिंग व आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है ताकि कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह सफल और स्मरणीय हो सके।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: नई वोटर लिस्ट के लिए पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी, 6 जनवरी को होगा आलेख्य प्रकाशन



