कानपुर देहात: 2 से 303 सीटों तक कैसे पहुंची भाजपा, रनिया विधानसभा के प्रशिक्षण वर्ग में खुला ऐतिहासिक सफलता का राज
बूथ प्रबंधन और एकात्म मानव दर्शन को बताया संगठन की सबसे बड़ी ताकत

अमन यात्रा लाइव विशेष: भारतीय जनता पार्टी कानपुर देहात की रनिया विधानसभा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग राम जानकी महाविद्यालय बैरी सवाई में पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और अनिल शुक्ला वारसी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर बोलते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज का जन जागरण कर भारत को एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है। भाजपा के सिद्धांत हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति से गहराई से जुड़े हैं और साथ ही यह आधुनिकता, विज्ञान और लोकतंत्र में पूरा विश्वास रखते हैं। एकात्म मानव दर्शन को पार्टी का मूल बताते हुए उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्रीय पहचान के बिना स्वतंत्रता का कोई अर्थ नहीं है। उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिना किसी भेदभाव के चार करोड़ मकान बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत के तहत 55 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
वहीं, जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने बूथ प्रबंधन और मन की बात पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि मन की बात राष्ट्रीय स्तर के संदेशों को जमीनी स्तर पर लागू करने का एक बड़ा अवसर है। संगठन के इन्हीं मजबूत विचारों और जमीनी मेहनत के कारण ही भाजपा ने दो सीटों से लेकर 303 सीटों तक का ऐतिहासिक सफर तय किया है।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने भी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुच्छेद 370 को हटाने, तीन तलाक पर रोक लगाने और राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण जैसे अपने सबसे बड़े वादे पूरे किए हैं। एक देश में दो प्रधान, दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे, इस नारे को आज प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर में सच कर दिखाया है। किसानों के विकास पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है और उन्हें सालाना छह हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है। उत्तर प्रदेश में हर गांव तक बिजली, सड़कों का जाल, मजबूत कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार विकास की एक नई राह खोल रही है।
इस कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक बबलू शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज शुक्ला, मदन पांडे, बंसलाल कटियार, मलखान सिंह चौहान, राजेश तिवारी, श्याम सिंह सिसोदिया, सौरभ मिश्रा, राजेश सचान, राजेंद्र सिंह चौहान, केपी सिंह, बाल जी शुक्ला, रागिनी भदोरिया और अनिरुद्ध सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: सीडीओ विधान ने डिजिटल लाइब्रेरी के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में की समीक्षा, दिए निर्देश



