कानपुर देहात: 2027 के चुनाव की तैयारी तेज, राघव अग्निहोत्री और बंटे पाल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, वोटर लिस्ट को लेकर दिए कड़े निर्देश
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा मूसानगर में समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीति और मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक अहम बैठक की।

पुखरायां/कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा मूसानगर में समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीति और मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक अहम बैठक की। इसमें भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री और प्रदेश सचिव व अमरोधा ब्लॉक प्रभारी बंटे पाल ने वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करते हुए मिशन 2027 के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राघव अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं को अपडेट दिया कि वोटर वेरिफिकेशन और पोलिंग स्टेशनों को व्यवस्थित करने का कार्य अब 11 दिसंबर तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से विशेष निवेदन किया कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर संपर्क करें और फार्म भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
वहीं, मतदाता पुनरीक्षण के प्रभारी बंटे पाल ने संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी बीएलए (BLA) को सरकारी बीएलओ (BLO) के साथ पूरा तालमेल बनाकर काम करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने बूथ को इतना मजबूत करें कि एक भी वोट छूटने न पाए, क्योंकि इसी मेहनत के दम पर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में सफलता प्राप्त होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य व जोन प्रभारी रामनरायण कठेरिया, नगर अध्यक्ष मूसानगर सत्येंद्र पाल, युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष व जोन प्रभारी काशिफ खान, जिला उपाध्यक्ष छात्र सभा फरीद शाह, जमीर आलम, संदीप यादव और अमन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



