कानपुर देहात: 8, 9 और 10 जून को होगी पुलिस भर्ती परीक्षा — DM ने खींची लक्ष्मण रेखा, बोले: नकल और अनुशासनहीनता पर होगी तत्काल कार्रवाई
कानपुर देहात में 6 केंद्रों पर 2448 परीक्षार्थी, दो पाली में होगी परीक्षा — CCTV से होगी हर हलचल पर नजर
सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में एक अहम बैठक हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और तमाम संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
तीन दिन, छह केंद्र, दो पाली — यह है पूरा खाका
जिलाधिकारी ने बताया कि 8, 9 और 10 जून 2026 को जनपद के 6 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में करीब 2448 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
परीक्षा केंद्र इस प्रकार हैं — अकबरपुर महाविद्यालय अकबरपुर, अकबरपुर इंटर कॉलेज, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां और राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर।
CCTV और वीडियोग्राफी से होगी हर हरकत पर नजर
जिलाधिकारी ने साफ कर दिया कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और नकल या किसी भी तरह की अनुशासनहीनता पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल से लेकर पार्किंग तक — अभ्यर्थियों की सुविधा प्राथमिकता
उन्होंने सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए और कहा कि पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली, पंखे और बैठने की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारू रखने और वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी तरह की जाम की स्थिति न बने। पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
बोर्ड के दिशा-निर्देशों से अधिकारी हुए अवगत
बैठक में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सभी उपस्थित अधिकारियों को दी गई। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करके सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के लिए कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोकप्रसाद, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक सहित तमाम संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



