कानपुर: मतदाता सूची विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित
25 जनवरी, 31 जनवरी और 1 फरवरी को विशेष अभियान के तहत पोलिंग बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।

कानपुर नगर: अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि०/रा०)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 06 जनवरी, 2026 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाने की अवधि दिनांक 06 फरवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। जनसामान्य को सुविधा प्रदान किए जाने के उद्देश्य से इस अवधि में विशेष अभियान भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिला स्तर पर विशेष अभियान की तिथि दिनांक 25 जनवरी, 2026 (रविवार) मतदाता दिवस के अवसर पर निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त आयोग द्वारा दिनांक 31 जनवरी, 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी, 2026 (रविवार) को भी विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा।
अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु प्रारूप-6 घोषणा पत्र सहित, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7, किसी प्रविष्टि में त्रुटि सुधार अथवा डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र के लिए प्रारूप-8 तथा पता परिवर्तन हेतु प्रारूप-8 घोषणा पत्र (अनुलग्नक-IV) के साथ भरा जा सकता है। उक्त सभी आवेदन दिनांक 06 फरवरी, 2026 तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, संबंधित भाग संख्या के बी०एल०ओ० अथवा विशेष अभियान की तिथियों में अपने मतदेय स्थल पर उपस्थित बी०एल०ओ० को प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वही व्यक्ति पात्र है, जो अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों अथवा उक्त तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे। इसके अतिरिक्त अर्हता तिथियां 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र मतदाताओं से भी प्रारूप-6 घोषणा पत्र सहित आवेदन प्राप्त कर लिए जाएंगे तथा नियमानुसार यथासमय उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे। जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर संबंधित बी०एल०ओ० पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
राजनीतिक दलों एवं इच्छुक जनसामान्य द्वारा जमा किए गए आवेदन पत्रों से संबंधित सूचियां प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी, कानपुर नगर की आधिकारिक वेबसाइट https://kanpurnagar.nic.in/deo-portal/ पर देखी जा सकती हैं, जो विधानसभावार उपलब्ध हैं।
अतः जनपद के समस्त नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे निर्धारित विशेष अभियान तिथियों का लाभ उठाते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें।
ये भी पढ़े- CTET 2026 एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप पर ताजा अपडेट



