कानपुर में पंचायत सहायक भर्ती का बिगुल 21 गांवों में युवाओं को मिलेगा रोजगार
मेरिट के आधार पर होगा चयन, जिलाधिकारी की कमेटी करेगी फाइनल स्क्रीनिंग।

कानपुर नगर के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद की 21 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक सह एकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती का आदेश जारी कर दिया है। शासन की मंशा के अनुरूप इन पदों को भरने के लिए 15 अप्रैल 2026 से प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पंचायती राज विभाग के नियमानुसार किसी भी रिक्त पद को दो महीने के भीतर भरना अनिवार्य है। यह पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, इसके लिए वर्ष 2021 के शासनादेश का कड़ाई से पालन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को समय सीमा के अंदर पूरा करने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
नोट कर लें भर्ती का पूरा शेड्यूल
प्रशासन द्वारा जारी की गई आधिकारिक समय-सारिणी इस प्रकार है:
15 से 16 अप्रैल 2026: ग्राम पंचायतों द्वारा सूचना पट्ट और मुनादी के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
17 अप्रैल से 02 मई 2026: इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र डीपीआरओ कार्यालय, ब्लॉक कार्यालय या अपनी ग्राम पंचायत में जमा कर सकते हैं।
03 से 04 मई 2026: जमा किए गए आवेदन पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों को प्राप्त कराए जाएंगे।
05 से 12 मई 2026: ग्राम पंचायत स्तर पर मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति के माध्यम से जिले को भेजी जाएगी।
13 से 14 मई 2026: जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति आवेदनों का परीक्षण कर चयन पर मुहर लगाएगी।
15 से 16 मई 2026: चयनित अभ्यर्थियों को उनके नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड और सूचनाएं समय पर अपडेट करने को कहा गया है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: सुआ बाबा मंदिर में बेसहारा मिले दंपत्ति के लिए ‘देवदूत’ बने गौरव पंडित



